निंदाना गांव में बन रहे जलघर के टैंकों में ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता रहित लोहे का सरिया लगाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों ने काम को रुकवा दिया। निंदाना मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पैतृक गांव है। इसे महाग्राम योजना में शामिल किया गया है। गांव में सीवरेज दबाने सहित अन्य विकास के कार्य चल रहे हैं। जानकारी अनुसार निंदाना मोहम्मदपुर में जलघर बनाया जाना है। टैंडर छुटने के बाद पिछले दिनों ठेकेदार ने जलघर बनाने का काम शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पानी एकत्रित करने के लिए बनाए जाने वाले टैंकों में ठेकेदार ने गुणवत्ता रहित लोहे का सरिया लगा दिया। नियमों अनुसार यहां रिनल, टिसको, सेल, जेएसडब्ल्यू में से किसी एक कंपनी का सरिया लगाना था लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी जेई व एसडीओ की है। यहां निरंतर रूप से निर्धारित मात्रा से कम व गुणवत्ता रहित सामग्री लगाई जा रही है लेकिन किसी भी अधिकारी ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। इससे स्थानीय अधिकारियों की मिलिभगत से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत एक्सईएन को की तो उन्होंने मामले में कार्रवाई करते हुए कार्य को रुकवा दिया।
एसडीओ सुरेन्द्र कादियान ने बताया कि गाइडलाइंस में जो लोहे का सरिया लिखा गया है वह सरिया ठेकेदार नहीं लगा रहा। शिकायत मिलने के बाद काम को रुकवा दिया गया है।